चित्तौड़गढ़। मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ के 21वें कल्याण महाकुंभ के आयोजन के उपलक्ष्य में शनिवार को कल्याण नगरी के 135 छोटे-बड़े मंदिरों एवं देवालयों में श्रद्धाभाव के साथ निमंत्रण दिया गया। महाकुंभ में समस्त देवी-देवताओं का आह्वान करने की भावना से वेदपीठ की ओर से यह विशेष निमंत्रण अभियान चलाया गया।
वेदपीठ से जुड़े वीर बालकों ने प्रत्येक मंदिर एवं देवालय में पहुंचकर भगवान के समक्ष दीप प्रज्वलित किया तथा श्रीफल, सुपारी, पुष्प, अक्षत एवं भेंट राशि अर्पित कर महाकुंभ की सफलता, सर्वत्र सुख-समृद्धि और लोककल्याण की कामना की।
इससे पूर्व सभी वीर बालकों ने वेदपीठ पहुंचकर कल्याण नगरी के आराध्य ठाकुर श्री कल्लाजी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और उसके बाद मंदिरों एवं देवालयों में निमंत्रण देने के लिए प्रस्थान किया।
वेदपीठ के पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण को और अधिक सशक्त बनाते हुए 21वें कल्याण महाकुंभ को भव्य एवं दिव्य स्वरूप प्रदान करना है।