जबलपुर। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज गया है। आगामी 17 नवंबर को मध्य प्रदेश में वोटिंग होगी तो वही 3 दिसंबर को परिणाम आएंगे। निर्वाचन आयोग ने 9 अक्टूबर को प्रदेश में आदर्श आचार संहिता भी लागू कर दी है। आचार संहिता लगते ही पुलिस- प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। जबलपुर पुलिस ने 14000 से अधिक लोगों को बॉन्ड ओवर किया है। वहीं पुलिस उन लोगों पर भी नजर रखेगी कि कोई राजनीतिक झंडा, बैनर का उपयोग तो नहीं कर रहा है। शांतिपूर्ण चुनाव के लिए जबलपुर पुलिस ने फ्लैग मार्च भी निकाला और सभी से शांति रखने की अपील भी की है।
जबलपुर एसपी तुषारकांत विद्यार्थी का कहना है कि विधानसभा चुनाव को लेकर सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं, कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन करवाया जाए। एसपी ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी के द्वारा अनुमति दिए गए वहां वाहनों का ही चुनाव में उपयोग किया जाए। वाहनों में चाहे हूटर हो या फिर गलत तरीके की नेम प्लेट या फिर झंडा लगाकर वाहन चलाने वाले। जो लोग बिना अनुमति के वाहन चलाएंगे उन पर कार्रवाई की जाएगी। शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव हो सके इसके लिए जबलपुर जिले में 14000 से अधिक लोगों को फाइनल बॉन्ड ओवर करवाया गया है। 2000 से अधिक आदतन अपराधियों से भी बॉन्ड भरवाए गए है।
जबलपुर एसपी तुषारकांत विद्यार्थी के मुताबिक आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से अब शस्त्र जमा करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। एसपी ने कहा कि जबलपुर पुलिस- प्रशासन निष्पक्ष और निर्भीक चुनाव करवाने के लिए बाध्य है,और ऐसे लोग जो कि चुनाव प्रभावित कर सकते हैं उन पर 24 घंटे नजर भी रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भी भेजा जाएगा। जबलपुर एसपी ने जबलपुर जिले की जनता से अपील की है कि जब मतदान हो तो निष्पक्ष होकर अपने वोट का उपयोग करें।