सीहोर। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत जिलेभर में स्वीप गतिविधियां आयोजित की जा रही है। स्वीप गतिविधियों के तहत जिला मुख्यालय पर मतदाता जागरूकता साइकिल रैली निकाली गई। साइकिल रैली को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण सिंह ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। साइकिल रैली शासकीय आवासीय खेलकूद संस्थान से प्रारंभ होकर इंग्लिशपुरा, कोतवाली चौराहा, पान चौराहा, लीसा टॉकीज, बैंक ऑफ इण्डिया, पुरानी जेल रोड, जिला अस्पताल, गंगा आश्रम से न्यू बस स्टेण्ड होते हुए टाउन हॉल पर समाप्त हुई।
मतदाता जागरूकता साइकिल रैली के प्रारंभ में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण सिंह ने कहा कि आज मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान के लिए जागरूक करने मतदाता जागरूकता साइकिल रैली निकाली जा रही है। इसके साथ ही पत्रिका समूह द्वारा पत्रिका जनादेश यात्रा भी निकाली जा रही है, जो शहर के प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक करेगी। उन्होंने कहा कि सभी मतदाता लोकतंत्र को मजबूत बनाने तथा देश के विकास में सहभागी बनने के लिए बिना किसी लोभ और प्रलोभन के स्वयं के विवेक से मतदान करें। उन्होंने कहा कि मतदान करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है इसलिए मतदान अवश्य करें। उन्होंने कहा कि सीहोर जिला सर्वाधिक मतदान प्रतिशत वाला जिला बने, इसके लिए हम सभी को मतदान के लिए आगे आना होगा और मतदान करना होगा। इस दौरान सहायक कलेक्टर अर्पित गुप्ता, शासकीय आवासीय खेलकूद संस्था के प्राचार्य आलोक शर्मा, डाइट प्राचार्य अनीता बड़गुर्जर उपस्थित थे।