चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र में लोकतंत्र के पर्व राजस्थान विधानसभा चुनाव के अंतर्गत राजनीतिक दलों की सभाओं, रैलियों और प्रचार प्रसार के माध्यम से हो रहे दंगल के बीच आम जनता में रोमांच बना हुआ है। 25 नवंबर को होने वाले मतदान के पूर्व जहां 23 नवंबर की शाम से सभाओं, रैलियों का शोर थम जाएगा, वहीं इससे एक दिन पूर्व बुधवार को चित्तौड़गढ़ शहर में निर्दलीय प्रत्याशी चंद्रभान सिंह आक्या का रोड शो चर्चा का विषय बना रहा।
उल्लेखनीय है कि चित्तौड़गढ़ विधानसभा में भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला बना हुआ है। प्रमुख राजनीतिक दलों की सभाओं के बाद आज इंदिरा गांधी स्टेडियम में सांवरा सेठ के आतिथ्य में आयोजित निर्दलीय प्रत्याशी चंद्रभान सिंह की सभा और उसके बाद इंदिरा गांधी स्टेडियम से शहर के गोलप्याऊ तक निकली रैली में उमड़ी भीड़ जन चर्चा का विषय रही। इस रोड शो में जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण व शहरी महिला, पुरुष और युवाओं की टोलियां डीजे, ढोल धमाको की थाप पर नारेबाजी करते हुए चल रही थे। वहीं फिल्म जगत के कुछ कलाकार और निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थक खुली गाड़ियों में जनता का अभिवादन करते हुए मतदान की अपील कर रहे थे। खुले वाहन में चंद्रभान सिंह समर्थकों का स्वागत स्वीकार करते हुए अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहे थे। इससे पूर्व इंदिरा गांधी स्टेडियम में विधायक प्रत्याशी आक्या सांवलिया सेठ के बाल विग्रह लड्डू गोपाल को सिर पर लेकर मंच तक पहुंचे और उन्हें मुख्य अतिथि बनाया। जनसभा को संबोधित करते हुए आक्या ने कहा कि गत 10 वर्षो में लोगो का जो स्नेह व आशीर्वाद मिला है उसे वे सहेजकर रखेंगे, तथा आजीवन चित्तौड़गढ़ वासियों की सेवा करने में तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा की अपने 10 वर्ष के कार्यकाल में जनकल्याण उनकी पहली प्राथमिकता रही ही तथा वे हमेशा सभी 36 ही कोम को साथ लेकर चले है तथा विकास व सेवा कार्य में कभी भेद नहीं किया। चित्तौड़गढ़ विधानसभा की जनता के संबल पर निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला लिया है, और जनता का भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है।
आक्या ने कहा कि जन आशीर्वाद से चुनाव जीतने पर जनता की भावनाओं का ध्यान रखते हुए जन भावनाओं पर खरा उतारूंगा और आप सभी के विश्वास को बनाए रखने के लिए हर पल जन सेवा के लिए तत्पर रहूंगा। जनसभा को पूर्व विधायक एवं पूर्व डेरी चेयरमैन बद्रीलाल जाट, पूर्व चैयरमेन सुरेश झंवर, सुशील शर्मा सहित अन्य पूर्व जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारी, पार्षदों व संतों ने भी संबोधित किया और कहा कि जनता के सच्चे जनसेवक चंद्रभान सिंह को चुनाव चिन्ह प्रेशर कुकर पर मोहर लगाकर फिर से अपना जन सेवक चुने।