नीमच। मध्यप्रदेश में पिछले सात दिन से कई जिलों में रूक-रूककर बारिश हो रही है। यह दौर आठवें दिन रविवार को भी जारी रहा। रविवार को नीमच जिले में भी दिनभर झमाझम बारिश का दौर चला। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हुई। इससे दिन के तापमान में गिरावट देखी गई।
मौसम वैज्ञानिक अशफाक हुसैन ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘मिचोंग’ का असर मध्यप्रदेश के कई जिलों में दिखाई देगा। वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोप) के एक्टिव होने, चक्रवाती हवाएं और ट्रफ लाइन गुजरने से प्रदेश में राजधानी समेत ज्यादातर जिलों में आज भी बारिश होने की संभावना है।
24 घंटे में यहां होगी बारिश-
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे में भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, जबलपुर, मंडला, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। इन जिलों में आज दिनभर बादलों की जमावट रहेगी।