डिंडोरी। जिले की शहपुरा नगर परिषद से एक मामला सामने आया है। यहां के रहवासी लगातार 2 महीने से पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं। वार्ड क्रमांक 4 व 8 में ये स्थिति बनी हुई है।
पेयजल की इस समस्या को लेकर क्षेत्रीय रहवासी कई बार नगर परिषद में शिकायत कर चुके हैं। बावजूद अब तक इस समस्या का निराकरण नहीं हो पाया है। वार्डवासी पानी की विकट समस्या से जूझ रहे हैं। नगर परिषद के प्रति रहवासियों में आक्रोश है। क्षेत्रीय नागरिकों ने पार्षद के घर के सामने पहुंचकर खाली बर्तन रख प्रदर्शन किया और पार्षद महोदय बाहर आओ, हमारी समस्या का निराकरण करो के नारे भी लगाए।
रहवासियों ने नगर परिषद अध्यक्ष शालिनी अरुण अग्रवाल के घर पहुंचकर भी उन्हें समस्याओं से अवगत कराया। यहां भी नारेबाजी कर प्रदर्शन किया गया।