नीमच। घरेलू विवाद में अलग-थलग हुए पति पत्नी लोक अदालत और कुटुंब न्यायालय की पहल पर आज फिर हंसते मुस्कुराते एक हो गए। लोक अदालत का एक और सुखद परिणाम सामने आया।
आज नीमच में आयोजित लोक अदालत के कुटुंब न्यायालय में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद का आपसी राजीनामा कर सौहार्दपूर्ण वातावरण में निराकरण किया गया। छोटी सादड़ी निवासी मिथुन पिता फकीरचंद जिनकी उम्र 32 वर्ष है, उनका अपनी पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था। मिथुन की पत्नी का मायका नीमच में है। पति द्वारा पत्नी से विवाह विच्छेद हेतु प्रकरण भी लंबित था। बीच में सुलह भी हुई, लेकिन फिर मतभेद की स्थिति पैदा हो गई। भरण पोषण को लेकर भी मामला चल रहा था। प्रकरण के राजी खुशी निपटारा करने को लेकर पति-पत्नी को दोनों पक्षों के वकीलों की ओर से समझाइश दी गई। जिस पर मिथुन और उनकी पत्नी ने इस घरेलू विवाद को समाप्त कर खुशी खुशी समझौता किया। न्यायालय परिसर में एक दूसरे को माला पहनाई।
कुटुंब न्यायालय के माननीय प्रधान न्यायाधीश ने भी प्रकरण के निराकरण में अहम भूमिका निभाई। पत्नी की ओर से भगवती प्रसाद बेरवा और पति की ओर से गोपाल मामले की पैरवी कर रहे थे।