नीमच। परिवार में बुजुर्ग दंपत्ति पति-पत्नी के बीच दैनिक जीवन में खर्च की राशि को लेकर चल रहे आर्थिक क्लेश का निराकरण आज नीमच के कुटुंब न्यायालय में आपसी समझौता कराकर किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 60 वर्षीय मनोहर सिंह पिता मूलचंद जो की रेलवे से रिटायर्ड है, उनका पत्नी से पेंशन की राशि और तनख्वाह को लेकर विगत लंबे समय से विवाद चल रहा था। मनोहर सिंह के साथ छोटा बेटा रहता है वहीं बड़ा बेटा उनकी पत्नी के साथ रहता है। पत्नी के द्वारा अपने लालन-पालन के लिए लगातार पति मनोहर सिंह से राशि की मांग की जा रही थी। इस वजह से दोनों में लगातार लड़ाई झगड़ा चल रहा था। करीबन 5 वर्ष से दोनों अपने दोनों शादीशुदा बेटों के साथ अलग-अलग रह रहे थे। आज कुटुंब न्यायालय में प्रधान न्यायाधीश की खास पहल और एडवोकेट रमेश माली की उल्लेखनीय भूमिका तथा समझाइश के चलते विवाद का सुखद अंत हो गया। मनोहर सिंह अपनी पत्नी को प्रतिमाह दस हजार रूपए देने के लिए राज़ी हो गए। समझौते के अवसर पर पति-पत्नी ने एक दूसरे को पुष्पमाला पहनाकर खुशी का इजहार किया।