शिवपुरी। जिले की खनियांधाना तहसील के बामौरकलां थाना क्षेत्र के ग्राम गताझलकुई निवासी एक महिला ने पति से पैसों को लेकर हुई कहासुनी के उपरांत खुद को घर में बंद करके फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम गताझलकुई निवासी रामबली और उसकी पत्नी प्रीति आदिवासी उम्र 24 साल का पैसों को लेकर झगड़ा हो गया था। पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े के उपरांत पति घर का सामान लेने के लिए बाजार चला गया। पति शाम को घर लौटकर वापस आया तो उसने देखा की घर का दरवाजा लगा हुआ था और उसकी दुधमुंही बच्ची घर के अंदर रो रही थी। बकोल रामबली जब उसने छत पर चढ़कर पटिया हटाकर देखा तो उसकी पत्नी प्रीति घर के अंदर फांसी का फंदा लगाकर लटकी हुई थी। रामबली ने घर का दरवाजा तोड़कर पत्नी को फंदे से उतारा और एक निजी चिकित्सक के पास ले गया। उक्त डाक्टर ने प्रीति को मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।