सिंगोली। कस्बा स्थित नगर निकाय कार्यालय पर राजस्व वसूली को लेकर लोक अदालत आयोजित की गई। लोक अदालत में 250 राजस्व प्रकरणों का निष्पादन किया गया।
शनिवार देर शाम इस आशय की जानकारी देते हुए सीएमओ राजकुमार ठाकुर ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार बकाया राजस्व की वसूली हेतु शनिवार को निकाय कार्यालय पर नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलने वाली लोक अदालत में ढाई सौ प्रकरणों का निष्पादन किया गया, जिसमे निकाय को 2 लाख 34 हजार 925 रुपयों की राजस्व प्राप्ति हुई।
सीएमओ राजकुमार ठाकुर ने बताया कि लोक अदालत में 92 संपति और समेकित, 143 जलकर और 15 दुकान किराए से संबंधित प्रकरणों का निपटारा किया गया।
उन्होंने बताया कि लोक अदालत में शामिल होकर बकाया राशि का भुगतान करने वाले सभी नागरिकों को पेनल्टी में शत प्रतिशत छूट दी गई है।