खरगोन। जिले के ग्राम बड़गांव में एक तेंदुआ घूमते दिखाई दे रहा है। उक्त तेंदुए का एक रेत खदान की गाड़ी से वीडियो भी बनाया गया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो में तेंदुआ खुले आम खेत खलियान वाले रोड पर घुमता दिखाई दे रहा है। तेंदुएं की मूवमेंट की खबर लगते ही ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
रेत खदान में काम करने वाले लवकुश पिता राधेश्याम ने बताया कि वह रेत की गाड़ी में बैठकर जा रहा था। इसी दौरान करीब 6.30 बजे अचानक गाड़ी के सामने तेंदुआ आ गया जो रोड पर अपनी ही मस्ती में चल रहा था। वाहन की लाइट में वह साफ तौर पर दिखाई दे रहा था। मैंने उक्त तेंदुए का वीडियो भी बनाया।
वहीं किसान अजय कोगे ने बताया कि वे रात में गेहूं के खेत में पानी चलाने जाते हैं। उन्हें भी तेंदुआ दिखाई दिया। अजय ने अन्य किसानों को भी क्षेत्र में तेंदुए के सक्रिय होने की बात बताई। इस पर किसानों ने फॉरेस्ट विभाग को सूचना दी। ग्रामीणों की सूचना के बाद भी फॉरेस्ट विभाग ने अभी तक तेंदुएं को पकड़ने के लिए कोई प्रयास नहीं किया है। तेंदुएं के मूवमेंट से ग्रामीणों में खौफ का माहौल है।