शाजापुर। जिले में प्रकट कार्यक्रम का आायोजन हुआ। इस कार्यक्रम में संघ के मालवा प्रांत के कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। स्वयं सेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी ने प्रकट कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आत्म गौरव बोध से जागृत समाज ही भारत को पुनः विश्वगुरु के स्थान पर ले जाने में समर्थ है। शक्तिशाली भारत में विश्व का कल्याण निहित है। अतः देशभक्ति, सामाजिक दायित्व बोध, संवेदनशीलता और विश्व कल्याण की भारतीय संस्कृति के बोध जागरण द्वारा प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र मंदिर के पुनर्निर्माण में लगना होगा।
संघ के मालवा प्रांत के कार्यकर्ता सम्मेलन में आये कार्यकर्ताओं के प्रकट कार्यक्रम में स्वयंसेवकों और समाज जनों को संबोधित करते हुए सोनी ने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लेने वाले पूर्वजों के स्वप्न का स्मरण करते हुए बताया कि स्वतंत्रता का लक्ष्य विश्व का कल्याण और मार्गदर्शन करने वाले भारत का निर्माण करना था। हज़ारों सालों से भारत ने पूरे विश्व को परिवार मानकर प्राणी मात्र के कल्याण का कार्य किया है। आज भी भारत का यही चिंतन व्यवहार में परिलक्षित होता है। कोरोना महामारी के समय दुनिया को वैक्सीन देना हो या संकटग्रस्त देशों को अन्न आदि सहायता में भारत सदैव आगे रहता है। भारत को विश्वगुरु बनाने के लिये प्रत्येक नागरिक की भूमिका है। एक आदर्श नागरिक के निर्माण में परिवार की बड़ी भूमिका है, अतः विभिन्न सामाजिक कर्तव्यों से युक्त नागरिक के निर्माण के लिये हमारी परिवार व्यवस्था को बताना अनिवार्य है।