कसरावद। क्षेत्र के खलघाट स्थित नर्मदा नदी पर बने संजय सेतु पुल से छलांग लगाने से पहले ही राहगीरों ने एक महिला को बचा लिया। दरअसल महिला खलबुज़ुर्ग की रहने वाली बताई जा रही है।
जानकारी में सामने आया कि महिला संजय सेतु पुल पर पहुंची और नर्मदा नदी में छलांग लगाने का प्रयास करते हुए पुल की रेलिंग पर बैठ गई। इसी दौरान आने जाने वाले राहगीरों ने महिला को देखा और समझा बुझाकर उसे पुल की रेलिंगों से नीचे उतारा। मामला दो थानों का होने के कारण खलटाका चौकी और धामनोद थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को समझाइश देकर परिजनों के सुपुर्द किया।
खलटाका पुलिस के अनुसार महिला पुल से कूदने का प्रयास कर रही थी। इससे पहले ही राहगीरों ने उसे बचा लिया। सूचना पर खलटाका पुलिस चौकी से आरक्षक राधेश्याम दुबेला, नीरज यादव भी मौके पर पहुंचे और महिला को परिजनों के सुपर्द किया।
आपकों बता दें कि नेशनल हाईवे के इस पुल पर अक्सर ऐसी घटनाएं होती रहती है। ग्रामीणों ने पूर्व में भी इस पुल की रेलिंग पर जाली लगाने की मांग की थी, लेकिन अभी तक कोई व्यवस्था नहीं हो पाई है। जाली लगने घटनाओं पर कई हद तक अंकुश लग सकता है।