शाजापुर जिला मुख्यालय पर ट्रैफिक पुलिस ने अब रॉयल एनफील्ड बुलेट गाड़ी के खिलाफ जंग छेड़ दी है। इन वाहनों के मालिकों पर चालानी कार्यवाही की जा रही है।
बताया जा रहा है कि शहर में इन दोनों रॉयल एनफील्ड बुलेट दो पहिया वाहन में वाहन मालिकों द्वारा साइलेंसर बदलकर पटाखे फोड़ने जैसी आवाज की जा रही है, ऐसे वाहन से घूमने पर ओर साइलेंसर से जमकर पटाखे फोड़ने का काम दिन रात वाहन चालक कर रहे हैं। ऐसे लोगों से आम जनता बच्चे बुजुर्ग खासा परेशान हो रहे हैं जिसको लेकर एक शिकायत पुलिस अधीक्षक तक पहुंची थी। इस पर पुलिस अधीक्षक ने ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश ट्रैफिक पुलिस को दिए थे।
एसपी के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। पुलिस पार्किंग में खड़े वाहन और सड़कों पर दौड़ रहे रॉयल एनफील्ड बुलेट के साइलेंसरों की जांच कर रही है। जांच में किसी वाहन से पटाखे फोड़ने जैसी आवाज आती है तो उस वाहन के मालिक के विरूद्ध चालानी कार्यवाही की जा रही है। उसके खिलाफ ध्वनि प्रदूषण की कार्यवाही भी की जा रही है। सुबह करीब 8 बजे से ट्रैफिक पुलिस पूरे शहर में भ्रमण कर ऐसे वाहनों को ढूंढ रही है जो कार्रवाई की जद में आ रहे हैं।
ट्रैफिक इंचार्ज का कहना है कि यह कार्रवाई सतत जारी रहेगी। जब तक रॉयल एनफील्ड से उसकी ओरिजिनल आवाज नहीं निकलवा देंगे तब तक यह कार्यवाही जारी रहेगी।