भोपाल। मध्यप्रदेश के नए मुख्यमंत्री मोहन यादव बुधवार को प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में दोपहर 12 बजे पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।
समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला डिप्टी सीएम के रूप में शपथ लेंगे। संभावना है कि कुछ विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।
मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी चल रही है। यहां डोम बनाया जा रहा है, जिसमें 2000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। मंच पर दो दर्जन वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। अतिथियों के लिए लाल परेड मैदान में तीन हेलीपैड बनाए जा रहे हैं।