खरगोन। शहर के न्यू राधावल्लभ मार्केट में एक बार फिर चोरों ने दुकानों को निशाना बनाया है। हालांकि इस बार चोरों ने दुकानों के ताले चटकाने के बजाय दीवार में सेंधमारी कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
न्यू राधावल्लभ मार्केट दक्ष मोबाइल संचालक विजय यादव ने बताया कि सुबह करीब 10.30 बजे जब वह दुकान पहुंचे तो शटर में लगे ताले सही सलामत थे। दुकान खोलने के बाद देखा तो पिछले हिस्से से दीवार भी टूटी मिली। इसके बाद जब पीछे जाकर देखा तो पड़ोस की अन्य दुकानों की दीवार भी टूटी दिखाई दी।
मोबाइल दुकान संचालक यादव ने बताया कि उनकी दुकान से चोर 50 एंड्रायड मोबाइल चुराकर ले गए। एक मोबाइल की कीमत 5 हजार रुपए भी आंकी जाए तो करीब ढाई लाख रुपए के मोबाइल चोरी हुए हैं। चोरों ने एक अन्य दुकान की दीवार भी तोड़ी। हालांकि वह दुकान खाली होने से उनके हाथ कुछ नहीं लगा। एक आयुर्वेदिक स्टोर्स को भी निशाना बनाया। दुकान संचालक डॉ. अमर भावसार ने बताया कि यहां दीवार में सुराग कर घुसे और गल्ले में रखे करीब 2200 रुपए नकद चुरा ले गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।