रतलाम। लोकायुक्त टीम ने जिले के आलोट तहसील में कार्यवाई करते हुए एक पटवारी को रंगेहाथ रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया हैं। पटवारी ने किसान से भूमि नामांतरण के नाम पर रूपए मांगे थे। जिसके बाद किसान ने लोकायुक्त उज्जैन को इसकी शिकायत की थी।
लोकायुक्त निरीक्षक उज्जैन डॉ बसंत श्रीवास्तव ने बताया कि आवेदक किसान भारतसिंह चौहान द्वारा भूमि के नामांतरण हेतु पटवारी हल्का क्रमांक 27 आलोट प्रियंका सोनी को आवेदन दिया था। पटवारी सोनी ने भूमि नामांतरण के लिए किसान से 8000 रूपए की मांग की थी। जिसकी शिकायत आवेदक किसान भारतसिंह द्वारा पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन अनिल विश्वकर्मा के समक्ष की। जिसके बाद लोकायुक्त द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया। सत्यापन में आरोपिया द्वारा 8000 रूपए की मांग की पुष्टि की हुई।
इस पर लोकायुक्त पुलिस ने टीम बनाकर कार्यवाई की। जिसके तहत आज दिनांक 12 दिसम्बर 2023 को पटवारी प्रियंका सोनी को किसान भारतसिंह से 8000 रूपए की रिश्वत लेते हुए कारगिल चौराहा के पास आलोट से रंगे हाथों ट्रैप किया गया।
इस कार्यवाई में निरीक्षक डॉ बसंत श्रीवास्तव, विशाल रेश्मिया, इसरार, महेंद्र जाटवा, संजय पटेल, 02 महिला आरक्षक सहित सदस्यीय दल का सराहनीय योगदान रहा।