विदिशा। किशोर सशक्तिकरण जागरूकता के उद्देश्य से बाल विवाह रोकथाम और किशोर सशक्तिकरण हेतु जिले में जन जागरूकता के लिए आज कलेक्ट्रेट कार्यालय से किशोर सशक्तिकरण रथ को अपर कलेक्टर अनिल कुमार डामोर, संयुक्त कलेक्टर राजेश गुप्ता एवं डिप्टी कलेक्टर अवनीश मिश्रा समेत महिला एवं बाल विकास अधिकारी भरत सिंह राजपूत और सहायक संचालक विवेक शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है।
किशोर सशक्तिकरण जागरूकता रथ का उद्देश्य बाल संरक्षण, बाल विवाह रोकथाम और किशोर सशक्तिकरण हेतु जागरूकता फैलाना है। उक्त जागरूकता रथ 12 दिसंबर से 16 दिसंबर तक विदिशा जिले के सभी विकासखंडो में भ्रमण करेगा। यह रथ जागरूकता को लेकर विभिन्न तरह के संदेशों से युक्त पम्पलेट, बैनर और बाल संरक्षण और बाल विवाह रोकथाम से सम्बंधित गीतों एवं संदेशों को जन-जन तक पहुंचाएगा।
जागरूकता रथ पहले दिन विदिशा शहरी क्षेत्रों में इसके बाद ग्रामीण क्षेत्रों भ्रमण करेगा। विदिशा में भ्रमण करने के बाद यह रथ गंज बासौदा, ग्यारसपुर, त्योंदा इत्यादि विकासखंडों में भ्रमण करेगा। उक्त कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग में पदस्थ सहायक संचालक आकांशा मरावी, जिला समन्वयक अरविन्द मिश्रा, सामाजिक कार्यकर्ता संतोष रघुवंशी सहित विभागीय अमला मौजूद रहा।