शाजापुर। जिले के किसी भी पेट्रोल पंप पर अब किसी भी दोपहिया वाहन चालक को बिना हेलमेट के पेट्रोल नहीं मिलेगा। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत के निर्देश पर जिलेभर में नो हेलमेट, नो पेट्रोल का अभियान शुरू किया गया है।
कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के इस आदेश पर पुलिस और खाद्य विभाग के अमले ने जिले के क्षेत्रों में स्थित पेट्रोल पंप के मैनेजर को पत्र लिखकर और उनसे मिलाकर इसे सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया है। समय-समय पर इसकी मॉनिटरिंग भी की जायेगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि प्रशासन के इस निर्देश के बावजूद अगर कोई पेट्रोल पंप संचालक बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चालक को पेट्रोल देगा तो उस पंप संचालक पर भी कार्रवाई की जाएगी।
पत्र के माध्यम से सभी पेट्रोल पंप संचालकों को नो हेलमेट, नो पेट्रोल अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया गया है। वहीं प्रशासन ने आम लोगों से भी बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन लेकर घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। साथ ही बाइक से जुड़े सभी दस्तावेज भी अपने पास रखने की अपील की है।