गुना। डाक विभाग के संभाग गुना, अशोक नगर व शिवपुरी के 565 ग्रामीण डाक सेवक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। दूसरे दिन भी डाक सेवकों ने हड़ताल जारी रखी।
अखिल भारतीय ग्रामीण डाक सेवक संघ के संभागीय अध्यक्ष भगवानलाल शर्मा ने बताया कि ग्रामीण डाक सेवक अपनी पुरानी 7 मांगे प्रशासन से कर रहे हैं। गुना जिले में 200 डाक सेवक 1300 से ज्यादा गांवों में सेवाएं पहुंचाते हैं। अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे ग्रामीण डाक सेवकों ने कहा कि खाली हाथ रिटायर होना मंजूर नहीं है।
अखिल भारतीय ग्रामीण डाक सेवक संघ के संभागीय अध्यक्ष भगवानलाल शर्मा ने बताया कि उनकी मांगें काफी पुरानी हैं। संघ की प्रमुख रूप से 7 मांगे हैं। जिनमें 8 घंटे का काम पेंशन सहित सभी सरकारी लाभ जोडक़र, दूसरा कमलेश चंद्र कमेटी की सभी सिफारिश को लागू करना, 180 दिनों की छुट्टी को आगे बढ़ाना और नगदी भुगतान करना प्रमुख है।