डबरा। विकासखंड की चुरली ग्राम पंचायत में गांव के ही कुछ लोगों ने शासकीय भूमि पर कब्जा कर अतिक्रमण कर लिया था। ये लोग शासकीय भूमि पर मकान बनाने की फिराक में थे। तभी गांव के ही कुछ युवकों ने प्रशासन को इस संबंध में शिकायत की। साथ ही बजरंग दल को भी अवगत कराया। इस पर तहसीलदार बीनीत गोयल और पिछोर थाना प्रभारी बलविंदर ढीलन मौके पर पहुंचे और शासकीय भूमि को जेसीबी चलवाकर अतिक्रमण मुक्त कराया।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार उक्त शासकीय भूमि पर गांव के ही धर्म विशेष के कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया था। ये लोग इस भूमि पर मकान बनाना चाहते थे। जबकि उक्त सरकारी जमीन पर ग्रामीण मंदिर का निर्माण करना चाहते हैं। तहसीलदार ने बताया की मौके पर पहुंचकर संबंधित व्यक्ति से जमीन के संबंध में दस्तावेज मांगें तो वह नहीं दिखा पाया। इसके बाद शासकीय जमीन को मुक्त कराने की कार्रवाई की गई। उक्त जमीन कोक ग्राम पंचायत के सुपुर्द किया जाएगा, जिससे गांव में बनने वाली पानी की टंकी के उपयोग में इस भूमि का उपयोग किया जा सके।
वहीं बजरंग दल के जिला संयोजक ने मीडिया को बताया कि इस स्थान पर भगवान श्री हनुमान जी का मंदिर बनना है। अब प्रशासन ने उक्त भूमि को कब्जा धारी से मुक्त करा दिया है। जल्द ही इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाएगा।