इन्दौर। संचालनालय आयुष के निर्देश एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ हंसा बारिया के मार्गदर्शन में शासकीय आयुर्वेद औषधालय कराडिया जिला इंदौर में आशा कार्यकर्ताओं का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम डॉ श्रद्धा चौहान एवं डॉ पूजा पटेल द्वारा संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम प्रातः 9 बजे शुरू हुआ, जिसमें प्रथम रजिस्ट्रेशन कर योग का प्रशिक्षण दिया गया। विभिन्न बीमारियों में किए जाने वाले योग के विषय में जानकारी दी गई। पोषण थाली एवं मसालों का उपयोग औषधि रूप से करने के विषय में बताया गया। मधुमेह, उच्च रक्तचाप, रक्ताल्पता, अर्श एवं संधिवात जैसे बीमारियों के विषय में संक्षिप्त जानकारी दी गई। औषधि उद्यान का भ्रमण करते हुए औषधीय पौधों के विषय में जानकारी दी गई। आयुष क्योर एप एवं देवारण्य योजना के विषय में जानकारी दी गई । औषधालय भ्रमण करवाते हुए विभिन्न डायग्नोस्टिक कीटों के उपयोग के बारे में बताया गया। पंचकर्म कक्ष का भ्रमण करवाते हुए पंचकर्म के विषय में जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में आशा कार्यकर्ता पूजा शास्त्री, दुर्गा वैष्णो, रुकमा एवं दीपा ने प्रशिक्षण लिया। प्रशिक्षण में आशा राठौर, दगडू सिंह, श्रीकांत यादव, जयेश परमार का सहयोग रहा।