नीमच। केन्द्रीय योजनाओं के सभी पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने और नवाचारी योजनाओं से देश में हुए विकास से आम लोगों को परिचित कराने के लिये प्रदेश के साथ ही नीमच में भी विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम चलाया जा रहा है। यात्रा की तैयारियों के संबंध में गुरूवार को कलेक्टर दिनेश जैन ने कलेक्टोरेट में अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने बताया कि जिले में 16 दिसंबर से यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। विकसित भारत संकल्प यात्रा 26 जनवरी 2024 तक आयोजित की जायेगी। भारत सरकार द्वारा यात्रा के लिए सभी जिलों को आईईसी वेन उपलब्ध कराई गई है। इन आईईसी वैनों को जिले के सभी नगरीय निकाय एवं सभी ग्राम पंचायत में तय रूट चार्ट के अनुसार कार्यक्रम आयोजित किये जायेगें। आईईसी वेन द्वारा ऑडियो विजुअल एड, ब्रोशर पम्पलेट, बुकलेट के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 2 और शहरी क्षेत्रों के लिए एक वाहन उपलब्ध कराएं गए हैं। यह वाहन निर्धारीत शेड्यूल के अनुसार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पहुंचेंगे। प्रतिदिन ग्रामीण क्षेत्रों में 2 पंचायत अंतर्गत आने वाले ग्रामों को सम्मिलित करते हुए एक प्रमुख स्थान पर निर्धारित गतिविधियां आयोजित की जाएगी। इसी प्रकार नगरीय क्षेत्र में 10 हजार की आबादी पर प्रतिदिन कार्यक्रम आयोजित होंगे।
यात्रा के संचालन के लिए जिला स्तरीय , ब्लॉक स्तरीय , ग्राम एवं नगर की समितियां बनाई गईं । साथ ही नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को जिले में यात्रा का प्रभावी और सफलतापूर्वक संचालन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर जैन ने बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा के तहत निर्धारित शेड्यूल के अनुसार कार्यक्रम की सभी तैयारियां समयसीमा में पूर्ण करें। मैदानी स्तर पर सरपंच, सचिव , रोजगार सहायक, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी कार्यक्रम के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने यात्रा के संबंध में केन्द्र सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुसार सभी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के अधिकारियों को निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ गुरूप्रसाद ने कहा कि जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजन के पूर्व अधिक से अधिक व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए। आईईसी वेन का भ्रमण कार्यक्रम के पूर्व संबंधित विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार-प्रसार, हितग्राहियों के आवेदन, हितग्राही चयन, आवेदनों का निराकरण की कार्यवाही की जाए। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री जी का संदेश, संकल्प-विडियो विकसित भारत का प्रदर्शन, फिल्म के प्रदर्शन, मेरी कहानी मेरी जुबानी-लाभार्थियों के व्यक्तिगत कहानियों एवं अनुभव साझा करने के माध्यम से शासकीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार। प्राकृतिक खेती, स्वाइल हेल्थ कार्ड, उन्नत तकनीक आदि की जानकारी दी जाएगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम स्वच्छता गीत, एसएचजी, एफपीओ, स्कूल छात्र, स्थानीय कालाकरों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाए।
कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा , जिसमें सामान्य जाँच सुविधा उपलब्ध रहेगी तथा उपचार की व्यवस्था रहेगी। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त किये जायेगे ओर किसान,पशुपालन, मछुआरे जिनके पास क्रेडिट कार्ड नहीं है, उनके आवेदन लेने की कार्यवाही की जाए, इसके लिए बैंकों से समन्वय किया जाएगा।