मुरैना। जेल से बाहर आए एक युवक ने अपने पिता की मारपीट का बदला लेने के लिए 3 युवकों को अगवा कर लिया। अगवा कर इन युवकों को आरोप बीहड़ ले गया और जमकर मारपीट की।
आपको बता दें कि यह युवक जेल से छूटकर बाहर आया था और आर्म्स एक्ट का आरोपी था। इसने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर 3 युवकों का अगवा कर लिया। काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी से बदमाश इन युवकों को अगवा कर बीहड़ ले गए जहां इनके साथ मारपीट की।
इन आरोपियों में विवेक शर्मा, विशाल शर्मा, पवन खुरासिया, जीतू गुधेनिया शामिल है। इन आरोपियों ने पहले कसमढा गांव से अभिषेक सखवार, संजय सखवार और पंकज किरार को अगवा किया। फिर गाड़ी से इन्हें बीहड़ों में ले गए। जहां ले जाकर लात घूसों, बेल्ट आदि से मारपीट की। इसके बाद अपहरणकर्ता पीड़ित युवकों को रामपुरा छोड़ के भाग गए।
इसके बाद फरियादी रात करीब 11 बजे महुआ थाना पहुंचे और वहां पर अपराध कायम करवाया, जिसमें मारपीट व अपहरण की धारा में फिर दर्ज की गई है। आरोपियों ने शाम करीब 6 बजे युवकों का अपहरण किया था और रात को 11 बजे इनको छोड़कर भाग गए।
वहीं एडिशनल एसपी अरविंद सिंह ठाकुर ने बताया कि यह घटना 2 दिन पुरानी है। इन लोगों का पुराना आपसी विवाद रहा है, इसमें पहले भी दोनों पक्षों पर अपराध पंजीबद्ध किया गया था, जिसमें एक पक्ष जेल चला गया। बाद में आरोपी जेल से बाहर आया और उसने यह साजिश रच घटना को अंजाम दिया। फिलहाल इसमें अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। साथ ही जितने आरोपी थे उनकी गिरफ्तारी भी कर ली गई है।