गुना। जिला अस्पताल के पीएम रूम में सुरक्षा को लेकर बड़ी चूक सामने आई है। पीएम रूम में रखे हुए शव की एक आंख गायब मिली है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि जब पीएम रूम में शव रखवाया था तो चेहरे पर किसी भी प्रकार की कोई चोट के निशान नहीं थे। लेकिन बाद में जाकर देखा तो शव की एक आंख गायब मिली और चाकू जैसे निशान मिले। नाक पर भी निशान थे। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर सुरक्षा को लेकर लापरवाही का आरोप लगाया है।
परिजनो से मिली जानकारी के अनुसार प्रदीप चंदेल उम्र 26 वर्ष बोहरा मस्जिद के पास रहता था, जो अचानक गिर गया था, परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पीएम रूम में रखवाया गया। बाद ने जब प्रदीप का भाई आया तो परिजन पीएम रूम में पहुंचे। जहां जाकर देखा तो शव की एक आंख गायब मिली और नाक पर भी चाकू जैसे निशान थे। वहीं इसको लेकर जब पुलिस चौकी पर पूछा गया तो उनका जवाब यह मिला कि चूहे या नेवले ने आंख को खा लिया होगा। लेकिन परिजन इस बात से संतुष्ट नहीं है। परिजनों ने कार्यवाही की मांग की है।