खरगोन। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा की प्रारंभिक परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित की गई। परीक्षा केन्द्रों में प्रवेश के लिए तय किए मापदंडों पर खरा उतरने के बाद प्रवेश दिया गया।
रविवार को नगर के 9 परीक्षा केन्द्रों में दो पाली में परीक्षा आयोजित की गई। सुबह 10 से 12 बजे तक व दोपहर 2.15 से 4.15 तक ली गई। पहली पाली के लिए सुबह 9 बजे से परीक्षा हाल में प्रवेश के लिए परीक्षार्थियों को गेट पर ही पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच जांच कर अंदर प्रवेश दिया गया। परीक्षार्थियों के जूता, बैल्ट, घड़ी, कलावा, चश्मा, मोबाइल, टोपी व लड़कियों के बाल के बक्कल, कंगन, चूड़ी, रिबन, कान की कील सहित पर्स, पानी का प्रिंटेड बॉटल व बैग को परीक्षा कक्ष ले जाने वर्जित किया गया था। जिनके पास यह सब पाया गया उसे जांच के बाद बाहर रखवा दिया गया था। उत्कृष्ट विद्यालय केंद्र पर 500 परीक्षार्थियों की बैठक व्यवस्था की गई, जिसमें पहली पाली में 94 अनुपस्थित रहे।