खरगोन। लक्षित और पात्र लाभार्थियों को आवश्यक सेवाएं सुलभ बनाने एवं नागरिकों को विभिन्न सुविधाओं के बारे में अवगत एवं जागरूक बनाने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रारंभ की गई है।
इसी तारतम में जनपद पंचायत कसरावद के ग्राम भीलगांव एवं डोंगरगांव में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में खरगोन कलेक्टर कर्मवीर शर्मा, कसरावद एसडीएम अग्रिम कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष अनु बाई तंवर, सरपंच प्रतिनिधि जय सिंह मंडलोई सहित सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं हितग्राही एवं नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में प्रचार वेन के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने विकसित भारत संकल्प की शपथ भी दिलाई। एसडीएम कसरावद अग्रिम कुमार ने सभी स्टालों का निरीक्षण किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ड्रोन था, जिसे खास तौर पर खेती में दवाई एवं खाद आदि के छिड़काव के लिए डिजाइन किया गया है। उपस्थितों किसानों के सामने इस ड्रोन से खेत में यूरिया नैनो खाद का छिड़काव कर प्रदर्शन भी किया गया। उक्त ड्रोन को लेकर किसानों में काफी उत्साह देखा गया। साथ ही ड्रोन को लेकर कसरावद एसडीएम अग्रिम कुमार ने विशेष रूचि दिखाई। उन्होंने कहा कि यह ड्रोन क्षेत्र के किसानों के लिए उपयोगी साबित होगा।