खनियाधाना। ग्राम देवखो मोटा में पार्टी के दौरान एक युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को एक कुएं में फेंक दिया। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने अपना जुर्म कबूला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम देवखो मोटा का एक युवक तीन दिन से लापता था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। लेकिन जब युवक के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली तो परेशान परिजनों ने खनियाधाना पुलिस को अवगत कराया और गुमशूदगी दर्ज कराई। इस दौरान परिजनों ने कुछ लोगों पर शक जताते हुए उनके नाम बताए थी। इसी आधार पर पुलिस ने संबंधितों को हिरासत में लिया और सख्ती से गुमशूदा युवक के संबंध में पूछताछ की। इस पूछताछ में आरोपियों ने उक्त युवक का पार्टी के दौरान गला दबाकर हत्या करने और कुएं में शव फेंकने की बात कबूली। इस पर पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाया और आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद ग्रामीणों व परिजनों ने पीएम हाउस व थाने का घेराव कर दिया।