उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध चिंतामन गणेश मंदिर का गर्भगृह अब चांदी की दिव्य आभा से जगमगा उठा है। एक गुप्त दानदाता ने असीम श्रद्धा भाव दिखाते हुए मंदिर को करीब 41 किलो चांदी दान की है, जिसकी कीमत सवा करोड़ रुपए से अधिक आंकी जा रही है। पिछले छह महीने से इस भव्य जीर्णाेद्धार की योजना बनाई जा रही थी, जिसे कुशल कारीगरों ने मात्र 15 दिनों में साकार कर दिया। गर्भगृह की गरिमा के अनुरूप तैयार की गई इस विशेष डिजाइन में रिद्धि-सिद्धि और कमल के फूलों की बेहद आकर्षक और सुंदर नक्काशी उकेरी गई है। मंदिर प्रशासन के अनुसार, इस नए स्वरूप के बाद स्वयंभू चिंतामन, इच्छामन और सिद्धिविनायक के त्रिविध स्वरूप वाले इस प्राचीन गर्भगृह की भव्यता और आध्यात्मिक आभा पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। चांदी की इस नई साज-सज्जा को देखने के लिए श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है।