बड़वानी। प्रदेश सरकार द्वारा निकाली जा रही विकसित भारत संकल्प यात्रा शनिवार को बड़वानी जिले के ग्राम मरदई एवं भूराकूआ पहुंची। जहां ग्राम वासियो को केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को प्रदर्शनी के माध्य्म से अवगत कराया गया। इस विकास यात्रा के माध्यम से देश के कोने-कोने में समाज के सभी वर्गों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
यात्रा का मकसद स्वच्छता, बिजली, आवास, रोजगार, आयुष्मान भारत, पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना आदि योजनाओं का लाभ सभी हितग्राहियों तक पहुंचाना है। संकल्प यात्रा में अपराजिता महिला संघ एवं आरबीआई के द्वारा चलाये जा रहे जागरूकता अभियान के तहत साइबर क्राइम धोखाधड़ी आदि घटनाओं से बचने के लिए भी लोगों को जागरूक किया गया।
साथ ही शासन की विभिन्न योजना जैसे प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना आदि योजनाओं के बारे में भी ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी। विकसित भारत संकल्प यात्रा में कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जलजीवन मिशन, उज्जवला योजना, राज्य हीमोग्लोबिनोपेथी मिशन मध्यप्रदेश, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग आदि विभागों के द्वारा भी जानकारी दी गई। विकसित भारत संकल्प यात्रा में गांव के सरपंच एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।