नीमच। शहर सहित जिलेभर का मौसम नए साल की शुरुआत से ही बदला हुआ है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाके पिछले 7 दिनों से कोहरे की आगोश में है। जिलेभर में बादलों की जमावट भी देखी जा रही है। उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं ने ठंडक में इजाफा किया है। इन सर्द हवाओं के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। रविवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। आज दिनभर बादल छाए रहे। आगामी 3 से 4 दिन तक मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के जानकारों की मानें तो प्रदेश में पहले से ही एक सिस्टम एक्टिव है। वहीं हरियाणा के ऊपर भी एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सिस्टम सक्रिय हो गया है। इसका असर आगामी 3 से 4 दिनों तक एमपी के जिलों में दिखाई देगा। 15 जनवरी तक तेज ठंड का असर रहेगा। आगामी 9 जनवरी तक नीमच व मंदसौर जिले में बारिश होने की संभावना भी जताई गई है।
रविवार रात से कोहरे की आगोश में शहर-
नीमच शहर शनिवार-रविवार की रात से ही कोहरे की आगोश में रहा। शहर के कई इलाकों में कोहरा छाया। रविवार सुबह भी विजिबिलिटी काफी कम रही। दिनभर आसमान में बादलों की जमावट दिखाई दी। कुछ-कुछ अंतराल में निकली धूप ने जरूर नागरिकों को आंशिक राहत दी।
अलाव बना सहारा-
मालवा में इन दिनों तेज ठंड सितम ढहा रही है। लोग गर्म कपड़ों के अलावा ठंड से बचने के लिए कई तरह के जतन कर रहे हैं। सार्वजनिक स्थलों पर लोग ठंड से बचाव के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। शहरी क्षेत्र के स्टेशन, बस स्टैंड व कृषि उपज मंडी, जिला अस्पताल सहित कई प्रमुख चौराहों पर लोग रविवार सुबह भी अलाव तापते दिखाई दिए।