शिवपुरी। जिले के पिछोर में मातृभूमि जन कल्याण समिति द्वारा 1 जनवरी से 12 जनवरी तक स्वामी विवेकानंद जन्म महोत्सव कार्यक्रम मनाया गया, जिसमें स्कूली छात्र-छात्राओं ने विभिन्न तरह के कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। सांस्कृतिक कार्यक्रम, रंगोली विज्ञान प्रदर्शनी, बाल मेला, चित्रकला भाषण प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता सुलेख प्रतियोगिता, कबड्डी आदि अन्य तरह की प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। पिछोर गौशाला पर स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का समापन किया गया, जिसमें कार्यक्रम के अध्यक्ष शिवशंकर, मुख्य अतिथि पिछोर भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी एवं विशिष्ट अतिथि गुना सांसद डॉक्टर केपी यादव की धर्मपत्नी अनुराधा यादव रही।
कार्यक्रम में सबसे पहले मुख्य अतिथि विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। सरस्वती पूजन किया और इस तरह कार्यक्रम की शुरुआत की गई। मुरैना से आए हुए संघ के जिला प्रचारक शिवशंकर ने स्वामी विवेकानंद जी के जीवन पर प्रकाश डाला। अंत में तमाम प्रतियोगिताओं में जीते हुए छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। आए हुए अतिथियों को भी मातृभूमि जन कल्याण समिति द्वारा स्वामी विवेकानंद जी की तस्वीर देकर सम्मानित किया गया। मातृभूमि जन कल्याण समिति के अध्यक्ष रजनीश तिवारी द्वारा यह आयोजन पिछले 27 वर्षों से लगातार नगर पिछोर में किया जा रहा है।