मंदसौर। सांसद सुधीर गुप्ता के प्रयास एक बार फिर रंग लाए है। रेलवे मंत्रालय द्वारा संसदीय क्षेत्र में दो नवीन ट्रेन का स्टॉपेज शामगढ़ व सुवासरा में स्वीकृत किया।
सांसद सुधीर गुप्ता रेलवे के विकास, नवीन ट्रेनों के स्टॉपेज सहित अन्य मांगो को लेकर लगातार दृढ़ संकल्पित रहते है और सदैव प्रयासरत रहते है। उनके प्रयास एक बार फिर रंग लाए। सांसद सुधीर गुप्ता द्वारा दो नवीन ट्रेनों 20813/20814 पुरी-जोधपुर एक्सप्रेस का शामगढ़ एवं 20843/20844 बिलासपुर भगत की कोठी एक्सप्रेस का स्टॉपेज सुवासरा में स्वीकृत किया गया।
सांसद गुप्ता ने बताया कि इन ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग क्षेत्रवासियों द्वारा की जा रही थी जिसके लिए वे भी लगातार रेलवे के अधिकारियों के संपर्क में थे। सांसद गुप्ता ने कहा कि इन ट्रेनों के स्टापेज से जगन्नाथ पुरी, भुवनेश्वर जाने वाले यात्रियों को सीधी कनेक्टीविटी मिलेगी। वहीं जोधपुर तक जाने वाले यात्रियों को भी इस ट्रेन की सुविधा मिलेगी।
वहीं ट्रेन संख्या 20843/20844 बिलासपुर भगत की कोठी एक्सप्रेस का स्टॉपेज सुवासरा में होने से छत्तीसगढ़ के साथ बिलासपुर, रायपुर व नागपुर, इटारसी, व नर्मदापुरम की ओर जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। वहीं इस ट्रेन का लाभ जोधपुर एवं जयपुर जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। सांसद गुप्ता ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार प्रकट किया।