भोपाल। बड़ा तालाब भदभदा क्षेत्र स्थित होटल ताज के सामने से 21 फरवरी को अतिक्रमण हटेगा। जिला प्रशासन ने भदभदा बस्ती के अतिक्रमण को हटाने की आज आखिरी मोहलत दी है। इसके लिए प्रशासन लोगों को गाड़ी भी देगा। कल, यानी बुधवार से खुद सख्ती से अतिक्रमण हटाएगा।
एनजीटी के आदेश के बाद जिला प्रशासन अतिक्रमण हटा रहा है। इसे लेकर पिछले दिनों नगर निगम की ओर से मुनादी भी कराई थी। वहीं, रहवासियों को अतिक्रमण हटाने के लिए तीन दिन का समय दिया था। सोमवार को यह अवधि खत्म हो गई। इसी बीच कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने रहवासियों की मीटिंग की और फिर एक दिन की मोहलत और दी।
खुद ही अतिक्रमण हटा लें रहवासी
कलेक्टर सिंह ने बताया, रहवासियों को स्वयं अपना सामान शिफ्ट करने के लिए मंगलवार को एक दिन का अंतिम अवसर दिया गया है। साथ ही समझाइश दी कि यदि वह स्वयं अपना सामान शिफ्ट करते हैं तो मंगलवार को सुबह 9 बजे प्रशासन द्वारा वाहन आदि की व्यवस्था की जाएगी। सामान शिफ्ट न करने की स्थिति में बुधवार प्रशासन वैधानिक कार्रवाई करेगा।
लगातार दी जा रही मोहलत
इससे पहले सोमवार को कलेक्टोरेट में हुई मीटिंग में कलेक्टर एवं निगम कमिश्नर फ्रैंक नोबल ए. ने कहा कि निगम आयुक्त ने 24 जुलाई 2023 को शपथ पत्र देकर दिसंबर 2023 तक का समय मांगा था। जिस पर दिसंबर 2023 तक का समय दिया गया था। ऐसे में दिया गया समय व्यतीत हो गया है और लगातार स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए सूचित किया जा रहा है। कलेक्टर सिंह ने कहा, अब यह अंतिम अवसर दिया जा रहा है। कल मंगलवार को स्वयं अपना सामान वैकल्पिक स्थानों पर शिफ्ट कर लें।
पीएम आवास के लिए लोन की सुविधा
कलेक्टर ने रहवासियों से कहा कि जो रहवासी प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास लेना चाहते हैं, वह आवेदन करने पर ऋण आदि की सुविधा में सहयोग कर आवास आवंटित किए जाएंगे। सामान आदि की शिफ्टिंग में जिला प्रशासन द्वारा सहयोग दिया जाएगा और अस्थायी रूप से वैकल्पिक स्थल भी उपलब्ध कराए जाएंगे। जिन्हें शिफ्ट किया जाना है, उनकी सूची मंगलवार को उपलब्ध कराएं।