नीमच। शहर के रेडक्रॉस भवन पर बुधवार को दिव्यांगजन अपनी 13 सूत्रीय मांगों को लेकर धरने पर बैठ गए। दिव्यांगजनों की मुख्य मांग है कि उनकी सामाजिक सुरक्षा पेंशन 600 रूपए से बढ़ाकर 1500 रूपए की जाए।
दिव्यांग संगठन के पदाधिकारी राम प्रकाश बलदेवा ने कहा कि विधानसभा चुनाव पूर्व भारतीय जनता पार्टी ने वादा किया था कि उनकी सरकार बनेगी तो दिव्यांगों की पेंशन 1500 रूपए कर दी जाएगी। अब सरकार अपना वादा निभाए। दिव्यांगों को 5 लाख तक का ऋण सरकार अपनी गारंटी पर उपलब्ध कराए। दिव्यांग पुनर्वास केंद्र का कार्य अविलंब शुरू किया जाए। दृष्टि बाधित विद्या मंदिर शुरू किया जाए। इस प्रकार की कुल 13 मांगों के साथ दिव्यांग धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।
दिव्यांगों ने पूर्व में ज्ञापन देकर 7 दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी थी कि यदि उनकी मांगे नहीं मानी गई तो वह धरना देंगे। दिव्यांगों ने कहा कि 23 फरवरी को मुख्यमंत्री के आगमन पर हम उनसे मिलने की कोशिश करेंगे। यदि हमारी मांगे नहीं मानी गई तो 11 मार्च को भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री आवास पर काली पट्टी पहन कर धरना देंगे।