सेगांव। खरगोन जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण खंडवा-बड़ौदा स्टेट हाईवे पर आवागमन बाधित हो गया। नंदगांव फाटे के पास स्थित पुलिया पर पानी भर जाने के कारण मंगलवार दोपहर 3 बजे के बाद यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया।
पुलिया पर पानी आने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सैकड़ों यात्री और वाहन चालक रास्ते में फंस गए। सूचना मिलने पर ऊन थाना प्रभारी दिनेश सोलंकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा की दृष्टि से यातायात को डायवर्ट कराया। खबर लिखे जाने तक दोनों ओर से आवागमन पूरी तरह बंद था।
सतावड़ का पुराना पुल क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी-
वहीं, विकासखंड सेगांव की ग्राम पंचायत सतावड़ में नदी पर बना पुराना पुल दोनों छोर से क्षतिग्रस्त हो चुका है। इसके चलते किसानों को बैलगाड़ी से आवागमन में परेशानी हो रही है। पुल क्षतिग्रस्त होने से ग्राम कमोदवाड़ा से ग्रामीणों का संपर्क भी प्रभावित हुआ है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि पुलिया एवं नदी-नालों में पानी का बहाव कम होने तक आवागमन से बचें और आवश्यक होने पर सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें।