कुकड़ेश्वर। हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर नगर में चंद्रवंशी खाती पटेल समाज द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार भगवान श्री चारभुजा नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली गई। रथ यात्रा को लेकर नगर में दिनभर धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
समाजजनों ने अपने प्रतिष्ठान एवं व्यवसाय बंद रखकर रथ यात्रा में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बैंड-बाजों की मधुर धुनों के बीच निकली यात्रा में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। श्रद्धालु भक्ति में झूमते-नाचते हुए भगवान श्री चारभुजा नाथ के जयकारे लगाते रहे।
जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत-
रथ यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों एवं बाजारों से होकर गुजरी। मार्ग में जगह-जगह नगरवासियों ने भगवान श्री चारभुजा नाथ के रथ पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। श्रद्धालुओं में भगवान के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
बारिश में भी नहीं थमा उत्साह-
रथ यात्रा के दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और वे नाचते-गाते हुए यात्रा में शामिल रहे। बारिश ने धार्मिक आयोजन की रौनक और बढ़ा दी। पूरा नगर भगवान श्री चारभुजा नाथ की भक्ति में सराबोर नजर आया।
चंद्रवंशी खाती पटेल समाज की इस भव्य रथ यात्रा ने कुकड़ेश्वर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकता की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत की।