नीमच। मिराज सिनेमा के समीप स्थित हजरत नसरुल्लाह खां सैलानी बाबा रहमतुल्लाह अलैह का 13वां उर्स मुबारक इस वर्ष भी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। दो दिवसीय उर्स के दौरान विभिन्न धार्मिक रस्मों के साथ लंगर एवं सूफियाना कव्वाली का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में जायरीनों ने शिरकत की।
खिदमतगार शकील बाबा बांसवाड़ा ने बताया कि उर्स के पहले दिन सुबह 9 बजे कुरानख्वानी तथा शाम 5 बजे चादर पेश की गई। दूसरे दिन सोमवार सुबह 10 बजे लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जायरीनों ने प्रसादी ग्रहण की।
उर्स के अवसर पर हाजी अकरम उमर कव्वाल पार्टी ने सूफियाना कलाम पेश किए। देर रात तक कव्वाली का दौर चला और अकीदतमंदों ने सूफियाना कलाम का आनंद लिया। सुबह 4 बजे गुस्ल एवं संदल की रस्म के बाद रंग और कुल की रस्म अदा की गई।
उर्स में मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात, हैदराबाद सहित विभिन्न क्षेत्रों से जायरीन पहुंचे। इस अवसर पर सलीम पठान कुवैत, रहमत पठान कुवैत, हसन अली सादिक पठान लाइनमैन मंदसौर, मोहम्मद सदीक, अंसार सैलानी अनसिंग, शेख सैयद पठान, कमेटी सदर सलीम खान, एडवोकेट शाहिद खान, रेहान पठान, आदिल खान सहित बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे।
दो दिवसीय उर्स के दौरान धार्मिक सौहार्द, श्रद्धा और भाईचारे का माहौल बना रहा। आयोजन में सहयोग देने वाले सभी खिदमतगारों एवं जायरीनों का आयोजकों ने आभार व्यक्त किया।