भोपाल। लोकसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण में बुधवार को कांग्रेस और बीजेपी के नेताओं का जमावड़ा रहेगा। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी बुधवार को पन्ना में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो प्रत्याशी वीडी शर्मा का नामांकन भरवाएंगी।
उधर, सीएम डॉ. मोहन यादव और पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान सतना में बीजेपी प्रत्याशी गणेश सिंह का पर्चा भरवाएंगे। दूसरी ओर, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह और वरिष्ठ नेता विवेक तन्खा, अरुण यादव बुधवार को बैतूल, टीकमगढ़ और होशंगाबाद में कांग्रेस प्रत्याशियों के नामांकन भरने के दौरान मौजूद रहेंगे।
रीवा, सतना, खजुराहो, बैतूल, टीकमगढ़, होशंगाबाद और दमोह में गुरुवार तक नामांकन जमा किए जाने हैं। इसके चलते, अंतिम दो दिनों में अब कांग्रेस, बीजेपी समेत अन्य दलों के कैंडिडेट एक बार फॉर्म भरने के बाद अब वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामांकन जमा कर रहे हैं। दूसरे चरण में तीसरे दिन मंगलवार को नामांकन जमा करने वालों में बैतूल से दुर्गादास उइके बीजेपी और जनार्दन मिश्रा बीजेपी ने दो नामांकन भरे हैं।
अन्य पार्टियों के प्रत्याशियों ने भी भरा पर्चा
रीवा लोकसभा सीट पर अभिषेक बुद्धसेन पटेल ने बीएसपी, बाबूलाल सेन ने मौलिक अधिकार पार्टी से पर्चा भरा है। इसी तरह, सतना लोकसभा सीट पर भारतीय शक्ति चेतना पार्टी से अशोक कुमार गुप्ता, न्याय धर्म सभा से रंजना मिश्रा, भारतीय जन मोर्चा पार्टी से हरिशंकर तिवार, अशोक बौध ने निर्दलीय और खजुराहो लोकसभा सीट से कमलेश कुमार ने बहुजन समाज पार्टी, लक्ष्मी प्रसाद ने निर्दलीय कैंडिडेट के रूप में नामांकन भरा है। दमोह से रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया से नंदलाल, टीकमगढ़ से आदर्श न्याय रक्षक पार्टी से एनआर प्रजापति, बैतूल से बहुजन समाज पार्टी से अशोक भलावी ने नामांकन भरा है।
पहले और दूसरे दिन जमा हुए इनके नामांकन
दूसरे चरण के लिए नामांकन दाखिल की प्रक्रिया शुरू होने के बाद 28 मार्च को नर्मदापुरम लोकसभा सीट से एकमात्र नामांकन दर्शन सिंह चौधरी बीजेपी का भरा गया था। इसके बाद 30 मार्च को नर्मदापुरम सीट पर राकेश रामप्रसाद रिकी ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन भरा। शनिवार को ही सतना लोकसभा सीट से गणेश सिंह बीजेपी और अजीत कुमार जायसवाल पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक, रीवा से रामगोपाल सिंह पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक, बैतूल से दुर्गादास उइके बीजेपी, टीकमगढ़ से खुमान पंकज अहिरवार कांग्रेस, दमोह से राहुल सिंह बीजेपी ने नाम निर्देशन पत्र भरा है।