नीमच। जिले के जावद थाना क्षेत्र स्थित सब जेल कॉलोनी में मंगलवार को एक महिला जेलकर्मी की 16 वर्षीय पुत्री ने अज्ञात कारणों के चलते घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान कीर्ति (16) पुत्री प्रकाश पाटिल मराठा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही जावद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी।
बुधवार को किशोरी के शव का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।