गुना। मैं पिछले 20 साल से महाराज को देखती आ रही हूं। उन्हें गुना-शिवपुरी-अशोकनगर की जनता से बेहद लगाव है। पिछले पांच साल में भी महाराज साहब आपके हर सुख दुख में आपके साथ खड़े रहे। कोरोना संकट काल में उन्होंने गुना लोकसभा क्षेत्र की जनता के लिए आक्सीजन के सिलेंडर, टैंकर, अस्पताल में दवाई के साथ साथ भोजन पानी व अन्य कोई जरूरत की कमी न रहे, इसकी प्रतिदिन चिंता करते रहे।
यह बात केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की पत्नी प्रियदर्शनी राजे सिंधिया ने गुना में कही। वह गुना-शिवपुरी लोकसभा क्षेत्र के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। मंगलवार को वह गुना पहुंचीं। यहां एक निजी गार्डन में वह मातृ शक्ति सम्मेलन में शामिल हुईं।कार्यक्रम में गुना विधानसभा से बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। कार्यक्रम को भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार, गुना विधायक पन्नालाल शाक्य, नगरपालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेश राजपूत, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य वंदना मांडरे सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।
प्रियदर्शनी राजे सिंधिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि महाराज से इस क्षेत्र की जनता का बेहद लगाव है। हम उनसे कई कई दिनों के बाद मिल पाते हैं, लेकिन आप लोगों से महाराज हमसे ज्यादा मिलते है। महाराज साहब भाजपा के मूल मंत्र सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास जीत कर आपके साथ सदेव खड़े हैं। इस दौरान उन्होंने अपने पति के लिए महिलाओं से वोट करने की अपील की। इस दौरान नगर की मातृ शक्ति एवं महिला कार्यकर्ताओं ने प्रियदर्शनी राजे सिंधिया का जोरदार स्वागत किया।
मातृ शक्ति सम्मेलन में सर्वप्रथम स्वागत भाषण देते हुए नगर पालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए देश की प्रगति के हर क्षेत्र में महिलाओं को अग्रिम पंती में रखा है। हम सभी महिलाओं का कर्तव्य बनता है कि भाजपा के समर्थन में हम मतदान करे। उन्होंने कहा कि हम महारानी साहब को विश्वास दिलाते हैं कि नगर की सभी बहनों के साथ मिलकर गुना लोकसभा से भाजपा प्रत्यासी को गुना नगर पालिका क्षेत्र से ऐतिहासिक जीत दिलाएंगे।
मीडिया प्रभारी ने बताया कि मातृ शक्ति सम्मेलन को गुना विधायक पन्नालाल शाक्य एवं भाजपा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार एवं पूर्व मंत्री इमरती देवी ने संबोधित कर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनहितैषी योजनाओं की चर्चा की और मातृ शक्ति से भाजपा प्रत्यशी को जिताने का आग्रह किया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष सारिका लुंबा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेश राजपूत, प्रदेश उपाध्यक्ष वंदना मांडरे सहित महिला मोर्चा की बहने मंचासिन रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगर की मातृ शक्ति व महिला मोर्चा एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों और महिला क्लब की सदस्य उपस्थित रहीं।