जबलपुर। लगातार कांग्रेस नेता पार्टी छोड़-छोड़कर भाजपा ज्वाइन कर रहे है। इस पर सांसद नकुलनाथ की पत्नी प्रियानाथ ने पार्टी छोड़कर जाने वाले नेताओं को जमकर आड़े हाथ लिया और कहा कि जब अग्नि परीक्षा का समय था तो हमें अपनों ने धोखा दिया, पिता कमलनाथ को देखती हूं तो बहुत दुख होता है। प्रियानाथ के इस बयान पर भाजपा के नेताओं ने तंज कसा है। भाजपा के दिग्गज नेता और प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि छिंदवाड़ा की जनता की तारीफ करनी चाहिए कि एक ही परिवार को 40 साल तक मौका दिया है, इसके बाद भी वहां की जनता विकास के लिए तरस रही है।
नाथ परिवार को जनता का निर्णय करना चाहिए स्वीकार
अल्प प्रवास पर जबलपुर पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि छिंदवाड़ा की जनता ने 40 साल तक कमलनाथ और उनके परिवार पर भरोसा किया है, जो कि बहुत लंबा समय होता है। विजयवर्गीय ने कहा कि छिंदवाड़ा की जनता के सब्र की तारीफ करना चाहिए, क्योंकि वहां की खास तौर पर ग्रामीण जनता विकास को तरस रही है, इसलिए कमलनाथ और उनके परिवार को जनता का निर्णय स्वीकार करते हुए जनता का सम्मान करना चाहिए। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि अबकी बार 400 पार जिसमें छिंदवाड़ा भी रहेगी।
कार्यशैली पर नाथ परिवार करे विचार
नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के साथ-साथ पंचायत मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने भी प्रियानाथ की बातों पर हमला बोला है। जबलपुर में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस सवाल पर ज्यादा टिप्पणी करना ठीक नहीं है, पर वादाखिलाफी कांग्रेस का चरित्र है। भम्र की राजनीति हमेशा से कांग्रेस ने की है, जिसका प्रतिउत्तर मिलना ही था। पंचायत मंत्री ने कहा कि अब समय आ गया है जब कमलनाथ और उनके परिवार को अपनी कार्यशैली पर विचार करना चाहिए। प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि परिवार वाले लोग इस तरह की बाते कहे ये शोभा नहीं देता है।