सागर। लोकसभा चुनाव के बीच सागर में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। सुरखी विधानसभा की पूर्व विधायक पारुल साहू ने बुधवार को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। एक लाइन के इस्तीफे में उन्होंने लिखा है कि मैं कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रही हूं। पूर्व विधायक पारुल साहू ने वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में सुरखी विधानसभा से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ते हुए तत्कालीन कांग्रेस के उम्मीदवार और वर्तमान कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को 141 वोटों से हराया था। इसके बाद भी वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने विधायक रहते हुए उनका टिकट काट दिया था।
जिससे वह पार्टी से नाराज चल रही थी और भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल हुई थीं। इसी बीच सुरखी विधानसभा में हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने पारुल साहू को अपना उम्मीदवार बनाकर मैदान में उतारा था। चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी गोविंद सिंह राजपूत ने पूर्व विधायक पारुल साहू करीब 40 हजार वोटों से हराया था। जिसके बाद वर्ष 2023 में कांग्रेस ने उनको चुनाव लड़ने का मौका नहीं दिया। पारुल साहू सागर की बंडा विधानसभा के पूर्व विधायक संतोष साहू की बेटी हैं। शहर में चर्चा है कि वह जल्द ही वे भाजपा में शामिल हो सकती हैं।