मंदसौर। शहर के अंबेडकर चौराहे से कोर्ट रोड तक की जर्जर सड़क के विरोध में बुधवार को अधिवक्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। सड़क पर बने गहरे गड्ढों और बारिश के कारण फैले कीचड़ से नाराज प्रदर्शनकारियों ने नगर पालिका और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत और स्थायी पुनर्निर्माण की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि यह शहर का प्रमुख मार्ग है, जिससे प्रतिदिन हजारों लोग जिला न्यायालय, पशुपतिनाथ मंदिर और शहर के विभिन्न क्षेत्रों तक आवागमन करते हैं। इसी मार्ग से न्यायाधीश, अधिवक्ता, कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी गुजरते हैं।
अभिभाषक राघवेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर अधिवक्ताओं और नागरिकों को सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन दोपहिया वाहन चालक और स्कूली बच्चे दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। कई बार चारपहिया वाहन भी गड्ढों में फंस जाते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि स्थायी निर्माण होने तक सड़क के गड्ढों को तत्काल भरा जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। साथ ही ट्रेंचिंग ग्राउंड की समस्या का स्थायी समाधान कर क्षेत्र में फैली गंदगी हटाने की भी मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।