नरसिंहपुर। बुधवार को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव नरसिंहपुर जिले के मुंगवानी पहुंचे। यहां उन्होंने लोकसभा प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते के लिए आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया।
अपने उद्बोधन में डॉ यादव ने कहा कि विपक्ष ने आजादी के 60 साल तक आराम किया। जनता को अपनी जागीर समझते हुए उनको विकास से कोसो दूर रखा। कांग्रेस ने देश का बंटवारा करके जो महापाप किया है उसका दंश आज भी यह देश भुगत रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अखण्ड भारत का विभाजन कर पाकिस्तान बांग्लादेश का निर्माण कराया। जो लोग धर्म के नाम पर वहां प्रताड़ित किए गए थे, उन्हें मोदी जी भारत की नागरिकता दे रहे है। इसका विरोध भी कांग्रेस पार्टी कर रही है। जो हिन्दुओं, सिक्खों और अन्य धर्म के लोगों के साथ अन्याय है। इसका जवाब आप सभी को मोदी जी को वोट देकर करना है।
सीएम डॉ यादव ने कहा कि इन्होंने तो 1948 की लड़ाई में पाकिस्तान को तो 1962 की लड़ाई में चीन को भारत की जमीन बिना लड़े दान में दे दी। ये किस मुंह से भारत मां के मान और सम्मान की बात करते है। जब से मोदी जी भारत के प्रधानमंत्री बने है, तब से कोई भी देश हमारी तरफ आंख उठाकर भी नही देख सकता। मोदी जी आंख झुकाकर नहीं, आंखों में आंख डालकर बात करने वाले नेता है।
खराब मौसम के कारण सभा में नहीं पहुंचे कुलस्ते
खराब मौसम के कारण लोकसभा प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते भी सभा में नहीं पहुंच सके। उन्होंने फोन के माध्यम से जनता से आशीर्वाद मांगा। कार्यक्रम को कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल, राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी, जिलाध्यक्ष इंजी.अभिलाष मिश्रा, पूर्व मंत्री जालम सिंह पटेल, विधायक विश्वनाथ पटेल, महेन्द्र नागेश आदि नेताओं ने भी संबोधित किया।