बड़वानी। ईद का त्योहार पूरे जिलेभर में गुरुवार को हर्षाेल्लास के साथ मनाया जा रहा है। भाईचारे और एकता की मिसाल पेश करने वाले इस त्योहार को जिलेभर के मुसलमान भाई-बहन पूरे उत्साह और खुशी के साथ मना रहे हैं। ईद के मौके पर जिले के विभिन्न हिस्सों में लोग मस्जिद में जाकर नमाज अदा कर रहे हैं। इस मौके पर बड़वानी जिला मुख्यालय स्थित दरगाह सहित जामा मस्जिद में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाइयां देते दिखे।
बड़वानी, राजपूर, खेतियां, निवाली, पानसेमल, सेंधवा, सहित पूरे जिलेभर में त्योहार की धूम है। समाजजनों ने सुबह 9 बजे दरगाह पर जाकर ईद की नमाज पढ़ी। इस खास मौके पर वहां काफी लोग मौजूद रहे इस मौके पर बड़वानी विधायक राजन मण्डलोई ने नागरिकों को शुभकामनाएं दीं। विधायक ने कहा एकता और सद्भाव बढ़ाने वाला यह पर्व हमें क्षमा व दान करने की शिक्षा भी देता है। ईद गरीबों और बेसहारा लोगों की मदद करने तथा उनके साथ खुशियां बांटने का अवसर है। यह त्योहार हमें शांतिपूर्ण जीवन जीने तथा समाज की खुशहाली और समृद्धि के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है।