नीमच/भोपाल। E20 पेट्रोल को लेकर आम जनता, वाहन चालकों और उपभोक्ताओं के बीच उठ रहे सवालों एवं चिंताओं को व्यापक मंच देने के उद्देश्य से आम आदमी पार्टी द्वारा 14 अगस्त को भोपाल में ‘स्टेट टाउन हॉल अगेंस्ट E20’ का आयोजन किया जाएगा। राज्य स्तरीय जनसंवाद कार्यक्रम शाम 4 बजे नर्मदा भवन, तुलसी नगर, भोपाल में आयोजित होगा। इसमें प्रदेशभर से लोग ऑनलाइन माध्यम से भी जुड़ सकेंगे।
आप के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर नवीन कुमार अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी मध्यप्रदेश के प्रदेश प्रभारी एवं दिल्ली सरकार के पूर्व कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर प्रमुख रूप से शामिल होंगे। उनके मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में E20 पेट्रोल से जुड़े विभिन्न मुद्दों, उपभोक्ताओं की चिंताओं और वाहन चालकों के सवालों पर चर्चा की जाएगी।
जनता के सवालों को मिलेगा मंच-
अग्रवाल ने बताया कि E20 पेट्रोल को लेकर देशभर में जारी चर्चा के बीच इस टाउन हॉल का उद्देश्य आम लोगों की चिंताओं एवं जनभावनाओं को मंच प्रदान करना है। कार्यक्रम में E20 से जुड़े जनहित के विभिन्न पहलुओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जनता की बात सुनी जानी चाहिए और उनके सवालों को लोकतांत्रिक तरीके से सामने रखा जाना चाहिए। इसी उद्देश्य से प्रदेश में यह राज्य स्तरीय जनसंवाद आयोजित किया जा रहा है।
प्रदेशभर से सहभागिता का आह्वान-
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के सभी जिलों से पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में प्रत्यक्ष एवं ऑनलाइन सहभागिता करने की अपील की गई है। भोपाल पहुंचने वाले लोगों से नर्मदा भवन में उपस्थित होकर कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया गया है, जबकि अन्य लोग ऑनलाइन माध्यम से जुड़ सकेंगे।
प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों से भी अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक लोगों को ऑनलाइन कार्यक्रम से जोड़ने का आह्वान किया गया है, ताकि E20 से जुड़े जनहित के सवालों को व्यापक स्तर पर सामने लाया जा सके।
रतलाम जोन के पदाधिकारियों ने भी किया आह्वान-
मध्यप्रदेश आम आदमी पार्टी के रतलाम जोन के अंतर्गत रतलाम जिला अध्यक्ष संयम शर्मा, मंदसौर जिला अध्यक्ष गंगाराम पाटीदार एवं नीमच जिला अध्यक्ष डॉ. राजू पाल ने नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया है।
जोन मीडिया प्रभारी प्रकाश दोसावत ने बताया कि E20 से जुड़े मुद्दों पर आयोजित इस जनसंवाद में प्रदेशभर से सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इच्छुक नागरिक ऑनलाइन पंजीयन कर 14 अगस्त को शाम 4 बजे होने वाले कार्यक्रम से जुड़ सकते हैं।