नीमच। आम आदमी पार्टी द्वारा संगठन को मजबूत करने और कर्मठ कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय परिषद के चुनाव आयोजित किए जा रहे हैं। इसी चुनावी प्रक्रिया के तहत नीमच जिले के इंजीनियर नवीन कुमार अग्रवाल को सर्वसम्मति से आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय परिषद का सदस्य निर्वाचित घोषित किया गया।
अग्रवाल अन्ना आंदोलन के समय से ही आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए हैं और विभिन्न संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते आ रहे हैं। पार्टी के उतार-चढ़ाव के दौर में भी उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए लगातार कार्य किया। उन्होंने मध्यप्रदेश के साथ उत्तरप्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गुजरात और राजस्थान के विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाई हैं।
वर्तमान में अग्रवाल गुजरात के ईस्ट जोन में दाहोद एवं पंचमहल लोकसभा क्षेत्र की 14 विधानसभा सीटों में संगठन को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं। इसके साथ ही वे मध्यप्रदेश में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।
पार्टी की ओर से बताया गया कि अग्रवाल ने भ्रष्टाचार के खिलाफ विभिन्न आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाई है। इस दौरान उनके विरुद्ध प्रकरण भी दर्ज हुए। पार्टी कार्यकर्ताओं के अनुसार, इन मामलों में न्यायालय से उन्हें राहत मिली है।
राष्ट्रीय परिषद के निर्वाचन की प्रक्रिया प्रदेश प्रभारी एवं दिल्ली सरकार के पूर्व कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर की देखरेख में संपन्न हुई। अग्रवाल के राष्ट्रीय परिषद सदस्य निर्वाचित होने पर पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने बधाई दी। उक्त जानकारी आम आदमी पार्टी के जोन मीडिया प्रभारी प्रकाश दोसावत ने दी।