मंदसौर। लोकसभा निर्वाचन 2024 के अंतर्गत मतदाताओं को जागरूक करने के लिए लगातार स्वीप की गतिविधियां आयोजित की जा रही है। इसी के अंतर्गत आज गांधी चौराहा पर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्वीप की गतिविधियां आयोजित की गई। स्वीप की गतिविधियों के अंतर्गत स्कूल के छोटे-छोटे बच्चों द्वारा नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुतियां दी गई।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मतदान केंद्र पर बुजुर्ग मतदाताओं, दिव्यांग मतदाताओं को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। ऐसे बुजुर्ग मतदाता जो मतदान केंद्र तक नहीं आ सकते हैं, उनको घर पर ही वोट करने की सुविधा के बारे में बताया गया। गीत गाकर भी मतदाता को जागरूक करने का कार्य किया गया।
इस दौरान मतदाताओं को मतदान की शपथ भी दिलाई गई। स्वीप कार्यक्रम के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र परमार, मंदसौर एसडीएम शाक्य, स्वीप के सहायक नोडल अधिकारी पीसी चौहान, बड़ी संख्या में जागरूक मतदाता मौजूद थे।