इंदौर। तलावली चांदा तालाब किनारे स्थित सिद्ध श्री सांई मां दरबार में दो दिनी स्थापना दिवस महोत्सव 18 और 19 मई को मनाया जाएगा। उत्सव की शुरुआत सांई बाबा की पालकी यात्रा निकाल कर किया जाएगा। पूजा-अर्चना और शृंगार किया जाएगा। उत्सव के दौरान 18 मई को सुबह 7.30 बजे से 11 बजे तक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां बगलामुखी का यज्ञ- हवन किया जाएगा। जिसमें भक्तों द्वारा आहुतियां दी जाएगी। 19 मई को सुबह सांई बाबा का पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। उसके बाद पूजा-अर्चना कर सांई बाबा का शृंगार होगा। शाम 6 बजे महाआरती होगी। जिसमें बड़ी संख्या में भक्तजन शामिल होंगे। उसके बाद भजन संध्या और महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा।
मंदिर की संचालिका के. पद्मावती ने बताया कि मंदिर में सांई बाबा की मूर्ति स्थापना 19 मई 2013 में की गई थी। तभी से हर वर्ष 19 मई को स्थापना दिवस महोत्सव मनाया जाता है। हर गुरुवार को सांईबाबा की महाआरती होती है। साथ ही मंदिर में लगातार धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। मंदिर में श्रीराम दरबार, श्री राधा-कृष्ण, श्री सूर्य भगवान, श्री लक्ष्मीनारायण, श्री कार्तिकेय भगवान, मां सरस्वती देवी, शनिदेव और शिव परिवार एक ही स्थान पर स्थापित किए गए हैं। इससे सभी भक्तों को दर्शन लाभ मिल जाता है।